वसुंधरा खामोश, BJP को सता रहा बागियों का डर, 41 सीटों पर 18 से अधिक बागी ठोंक सकते हैं ताल

वसुंधरा खामोश, BJP को सता रहा बागियों का डर, 41 सीटों पर 18 से अधिक बागी ठोंक सकते हैं ताल
भाजपा ने 41 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। इन सीटों पर 18 से अधिक पर बागी पार्टी के लिए मुसीबत खड़ी कर सकते हैं। इनमें कम से कम 8 सीटों पर वसुंधरा राजे खेमे के माने जाने वाले प्रत्याशी कड़ी चुनौती दे सकते हैं।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को हाशिए पर रखने की कोशिश में भाजपा के रणनीतिकारों ने उनके समर्थकों के टिकट जमकर काटे हैं। 41 उम्मीदवारों की सूची में 29 लोगों को पहली बार चुनाव लड़ने का मौका है। 7 सांसद भी चुनाव मैदान में हैं, लेकिन वसुंधरा राजे के खेमे के माने वाले नेताओं ने भी ताल ठोंक दी है। चुनाव मैदान में उतरने का न केवल मन बनाया, बल्कि ऐलान भी करने लगे हैं। जयपुर के सूत्र बताते हैं 41 विधानसभा सीटों में से 18 से अधिक पर भाजपा के बागी पार्टी के लिए मुसीबत खड़ी कर सकते हैं। इनमें कम से कम 8 सीटों पर राजे खेमे के माने जाने वाले प्रत्याशी कड़ी चुनौती दे सकते हैं
पहली सूची वाली सीटों के बागी बिगाड़ सकते हैं खेल
नारायण पंचारिया समेत तमाम भाजपा नेता 41 सीटों के प्रत्याशियों को लेकर जितना उत्साहित हैं, उनके लिए उससे अधिक चिंता चुनाव लड़ने की घोषणा कर रहे भाजपा नेता हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में इन 41 सीटों में से 39 सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। वसुंधरा सरकार में मंत्री रहे सूत्र का कहना है कि इस बार 39 में से दो दर्जन से अधिक सीटों पर हमारे प्रत्याशियों के जीतने की संभावना बन सकती थी।