SOG की बड़ी कार्रवाई : पेपर लीक केस में पूर्व CM अशोक गहलोत के PSO और उसका बेटा गिरफ्तार, बेटे के लिए खरीदा था SI का पेपर
जयपुर | राजस्थान में सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए SOG ने शुक्रवार देर रात पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) राजकुमार यादव और उनके बेटे भरत यादव को गिरफ्तार किया है। शनिवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
SOG की जांच में खुलासा : जांच में सामने आया है कि राजकुमार यादव ने अपने बेटे भरत यादव के लिए SI भर्ती का प्रश्नपत्र खरीदा था। भरत यादव लिखित परीक्षा में पास हो गया था, लेकिन बाद में फिजिकल टेस्ट में फेल हो गया।
SOG दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि पेपर लीक नेटवर्क के अन्य कड़ियों का पता चल सके।
पूर्व CM गहलोत की प्रतिक्रिया
अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर लिखा—“किसी भी व्यक्ति की अपराध में संलिप्तता हो, तो कानून अपना काम करे।”
गहलोत के सीएम कार्यकाल के दौरान राजकुमार यादव उनकी सुरक्षा टीम में तैनात था। सरकार बदलने के बाद भी वह गहलोत के PSO के रूप में ड्यूटी कर रहा था।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज
राज्य के मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने इस गिरफ्तारी को पूर्ववर्ती गहलोत सरकार पर हमला करने का अवसर बताया। उन्होंने कहा—“मैंने कई बार कहा था कि गहलोत सरकार के संरक्षण में नकल माफिया सक्रिय था। आज SOG द्वारा गहलोत के PSO और उनके बेटे की गिरफ्तारी इस बात की पुष्टि है। अगर सरकार की नकल माफिया से साठगांठ नहीं होती, तो युवाओं के साथ इतना बड़ा अन्याय नहीं होता।”
मामले की पृष्ठभूमि
SI भर्ती परीक्षा का आयोजन युवाओं के लिए पुलिस विभाग में अधिकारी पदों पर नियुक्ति के उद्देश्य से हुआ था। पेपर लीक कांड सामने आने के बाद SOG ने राज्यभर में कई जगह छापेमारी की थी और नकल माफिया के कई सदस्यों को पकड़ा था।
अब PSO और उनके बेटे की गिरफ्तारी ने मामले को राजनीतिक रूप से संवेदनशील बना दिया है
